चापाकल से अस्पताल तक… ईचागढ़ की समस्याएं लेकर सीएम हेमंत सोरेन से मिले जनप्रतिनिधि

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला: झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री कक्ष में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल पहुंचा। विधायक सविता महतो के नेतृत्व में इस टीम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के समाधान की मांग की।

पेयजल संकट पर उठी आवाज

प्रतिनिधिमंडल ने ईचागढ़ क्षेत्र के कई गांवों में खराब पड़े चापाकलों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण ग्रामीणों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। जल्द मरम्मत की मांग करते हुए कहा गया कि यह समस्या सीधे लोगों के दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है।

यह भी पढ़ें: झारखंड विधानसभा में गरमाई बहस: जल संरक्षण, कोल्ड स्टोरेज और बिजली पर सरकार घिरी

चांडिल अस्पताल को चालू करने की मांग

जनप्रतिनिधियों ने पूरी तरह तैयार चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि अस्पताल चालू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी और उन्हें इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

सड़क निर्माण में देरी पर नाराजगी

ज्ञापन में चांडिल गोलचक्कर से गिद्दीबेड़ा टोल प्लाजा तक की मुख्य सड़क की खराब स्थिति और निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि यह मार्ग जिला मुख्यालय से जुड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, लेकिन एक साल से लंबित कार्य के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

सीएम ने दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने का आश्वासन दिया।

कई नेता रहे मौजूद

इस दौरान झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायक समेत कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद क्षेत्र की समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

Share this news

संबंधित खबरें