रांची में 67 लाख की चोरी का खुलासा, घर का ताला बदलकर फरार हुए थे चोर; तीन गिरफ्तार

Rupa Kumari | March 12, 2026 | 03:22 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में बंद घर में हुई करीब 67 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पारस कुमार चौधरी (23), मृत्युंजय कुमार उर्फ बॉबी और हरप्रीत सिंह उर्फ मोन्टी के रूप में हुई है। पारस कुमार चौधरी रांची के मोरहाबादी का रहने वाला है, जबकि मृत्युंजय कुमार उर्फ बॉबी और हरप्रीत सिंह उर्फ मोन्टी बोकारो के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 61 हजार 500 रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

यह भी पढ़ें: लातेहार सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलने के बाद मचा हड़कंप

घर का ताला बदलकर दिया वारदात को अंजाम

मामले में पीड़ित विक्रांत तिवारी ने 8 मार्च को ओरमांझी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कुछ दिनों के लिए घर बंद कर बाहर गए थे। जब वे वापस लौटे और दरवाजे का ताला खोलने की कोशिश की तो ताला नहीं खुला। करीब से देखने पर उन्हें पता चला कि किसी ने दरवाजे पर दूसरा ताला लगा दिया है। ताला तोड़कर जब वे घर के अंदर पहुंचे तो पूरा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी खुली मिली। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे करीब 7 लाख 28 हजार रुपये नकद और लगभग 60 लाख रुपये के सोना-चांदी के जेवर गायब हैं।

एसएसपी के निर्देश पर बनी थी विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच और छापेमारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 61,500 रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल (JH02P 4272 और JH01FD 9968) बरामद की हैं।

छापेमारी टीम में शामिल थे ये अधिकारी

इस कार्रवाई में ओरमांझी थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार, बिनय कुमार, रंजीत कुमार महतो, सहायक अवर निरीक्षक हेमंत यादव, आरक्षी महेंद्र राम और गृहरक्षक अनिल कुमार महतो शामिल थे।

Share this news

संबंधित खबरें