UPSC CSE 2025 का रिजल्ट जारी: राजस्थान के अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर, टॉप-10 में 3 लड़कियां शामिल

Rupa Kumari | March 6, 2026 | 04:09 PM IST

Samachar Post डेस्क, रांची: नई दिल्ली संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट शुक्रवार को जारी कर दिया। इस वर्ष राजस्थान के कोटा निवासी अनुज अग्निहोत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR)-1 हासिल की है। वहीं दूसरे स्थान पर राजेश्वरी एसयूवी एम और तीसरे स्थान पर अकांश ढुल रहे। इस बार टॉप-10 में तीन लड़कियों ने भी अपनी जगह बनाई है। UPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार कुल 958 उम्मीदवारों ने विभिन्न सिविल सेवाओं के लिए क्वालिफाई किया है, जिनमें से 180 उम्मीदवारों का चयन IAS के लिए हुआ है। अभ्यर्थी अपना परिणाम UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।

परीक्षा का पूरा शेड्यूल

UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 के तहत, प्रीलिम्स (PT) परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। मेन परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक हुई। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों के लिए पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) आयोजित किए गए, जो 27 फरवरी 2026 को समाप्त हुए।

यह भी पढ़ें:असम में Su-30MKI फाइटर जेट क्रैश, दो पायलटों की मौ’त

झारखंड के अभ्यर्थियों ने भी मारी बाजी

इस परीक्षा में झारखंड के कई युवाओं ने भी सफलता हासिल की है। जमशेदपुर के ऋत्विक वर्मा ने AIR-115 प्राप्त की है। रांची की कनिका अनभ ने भारतीय वन सेवा (IFS) में AIR-1 हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है। इसके अलावा छाया कुमारी (AIR-530) और अचल आनंद (AIR-399) ने भी परीक्षा में सफलता पाई है।

कैडर एलोकेशन की नई नीति लागू

भारत सरकार ने UPSC कैडर आवंटन के लिए 2017 से लागू ‘जोन सिस्टम’ को समाप्त कर दिया है। इसकी जगह अब ‘कैडर एलोकेशन पॉलिसी 2026’ लागू की गई है। इसके तहत अब ‘साइकिल सिस्टम’ के जरिए अफसरों को कैडर आवंटित किया जाएगा। यह नीति IAS, IPS और IFoS सेवाओं के लिए लागू होगी। पहले देश के 25 कैडरों को भौगोलिक आधार पर 5 जोन नॉर्थ, वेस्ट, साउथ, सेंट्रल और ईस्ट में बांटा गया था। उम्मीदवार DAF-II फॉर्म में पहले जोन और फिर राज्य की प्राथमिकता चुनते थे। नई नीति के तहत अब इन 25 कैडरों को अल्फाबेटिकल क्रम में चार समूहों में बांटा गया है..

  • ग्रुप-I: AGMUT (दिल्ली/केंद्र शासित प्रदेश), आंध्र प्रदेश, असम-मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़
  • ग्रुप-II: गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश
  • ग्रुप-III: महाराष्ट्र, मणिपुर, नागालैंड, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, तमिलनाडु
  • ग्रुप-IV: तेलंगाना, त्रिपुरा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल

नई व्यवस्था में कैडर आवंटन अल्फाबेटिकल साइकिल सिस्टम के आधार पर होगा, जिससे उम्मीदवारों को अलग-अलग राज्यों में नियुक्ति मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें