Samachar Post डेस्क, रांची : 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने युवा और भावी मतदाताओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। आयोग का फोकस Gen-Z और Gen Alpha पर है। इसके लिए देशभर में करीब 50 हजार चुनावी साक्षरता क्लब (ELC) स्थापित करने की योजना बनाई जा रही है। इस पहल के तहत स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका से परिचित कराया जाएगा।
हर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे 10 क्लब
चुनाव आयोग की योजना के मुताबिक देश के 4,123 विधानसभा क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय के छात्रों को अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में करीब 10 चुनावी साक्षरता क्लब बनाने की योजना है। आयोग का लक्ष्य युवाओं के बीच चुनाव और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर जागरूकता बढ़ाना है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार मतदाता के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।इस अभियान के तहत आयोग देशभर के करीब 15 लाख स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने की तैयारी में है। इसके अलावा करीब 70 हजार कॉलेजों और 1,400 विश्वविद्यालयों को भी अभियान से जोड़ने की योजना है।

2018 में शुरू हुआ था चुनावी साक्षरता क्लब
चुनाव आयोग ने वर्ष 2018 में SVEEP (Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) कार्यक्रम के तहत चुनावी साक्षरता क्लब शुरू किए थे। इनका उद्देश्य छात्रों को लोकतांत्रिक मूल्यों, चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग के कामकाज की जानकारी देना था। अब डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए आयोग इन गतिविधियों को नए तरीके से विस्तार देने की तैयारी कर रहा है।
यह भी पढ़ें : रक्षाबंधन पर पलामू में अनोखी पहल, स्कूली छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी
डिजिटल दौर में ELC 2.0 पर जोर
आयोग का मानना है कि लोगों तक जानकारी पहुंचाने और संवाद करने का तरीका तेजी से बदल रहा है। खासकर युवा वर्ग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अधिक सक्रिय है। इसी को ध्यान में रखते हुए ELC 2.0 पहल को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। नई पहल के जरिए युवाओं तक चुनावी जानकारी डिजिटल माध्यमों और आधुनिक संचार तरीकों से पहुंचाने की कोशिश होगी। इसका उद्देश्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले नई पीढ़ी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और चुनावी जागरूकता को व्यापक बनाना है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

