Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड पुलिस को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से जर्जर वाहनों की समस्या झेल रहे पुलिसकर्मियों को अब 1477 नए वाहन मिलेंगे। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है। इससे पुलिस का वाहन बेड़ा मजबूत होगा और पेट्रोलिंग तथा त्वरित कार्रवाई की क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है।
चार और दो पहिया वाहन दोनों शामिल
आदेश के अनुसार कुल 628 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहन राज्य के विभिन्न जिलों में भेजे जाएंगे। इन वाहनों का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण इलाकों में पुलिस की त्वरित पहुंच बढ़ाना और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाना है। राजधानी रांची और औद्योगिक शहर जमशेदपुर को सबसे अधिक वाहन आवंटित किए गए हैं, ताकि बढ़ते ट्रैफिक और अपराध से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें : शादी में देरी से नाराज प्रेमी-प्रेमिका ने दी जान, पेड़ से लटके मिले दोनों के शव
पुलिस संघ ने फैसले का किया स्वागत
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि नए वाहनों से नक्सल प्रभावित और दूरदराज इलाकों में भी पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी। इससे पेट्रोलिंग, अपराध नियंत्रण, आपात सहायता और ट्रैफिक प्रबंधन में भी सुधार आएगा। आदेश जारी होते ही जिलों में वाहनों के वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे पुलिसकर्मियों में उत्साह देखा जा रहा है।
जिलेवार वाहन आवंटन
जारी सूची के अनुसार विभिन्न जिलों को चार पहिया और दो पहिया वाहन दिए गए हैं। बोकारो को 39 चार पहिया और 53 दो पहिया वाहन मिले हैं, जबकि पश्चिमी सिंहभूम को 40 चार पहिया और 47 दो पहिया वाहन दिए गए हैं। चतरा को 19 चार पहिया और 22 दो पहिया, देवघर को 28 चार पहिया और 39 दो पहिया तथा धनबाद को 40 चार पहिया और 45 दो पहिया वाहन आवंटित किए गए हैं। इसी तरह दुमका को 20 चार पहिया और 28 दो पहिया, गढ़वा को 21 चार पहिया और 29 दो पहिया, गिरिडीह को 32 चार पहिया और 29 दो पहिया, गोड्डा को 17 चार पहिया और 33 दो पहिया तथा गुमला को 22 चार पहिया और 29 दो पहिया वाहन मिले हैं। हजारीबाग को 28 चार पहिया और 42 दो पहिया, पूर्वी सिंहभूम को 51 चार पहिया और 89 दो पहिया, जामताड़ा को 14 चार पहिया और 18 दो पहिया तथा खूंटी को 14 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहन दिए गए हैं। इसके अलावा कोडरमा को 14 चार पहिया और 21 दो पहिया, लातेहार को 18 चार पहिया और 15 दो पहिया, लोहरदगा को 14 चार पहिया और 19 दो पहिया तथा पाकुड़ को 11 चार पहिया और 18 दो पहिया वाहन आवंटित किए गए हैं। पलामू को 31 चार पहिया और 36 दो पहिया, रामगढ़ को 13 चार पहिया और 19 दो पहिया, रांची को 80 चार पहिया और 73 दो पहिया, साहिबगंज को 14 चार पहिया और 27 दो पहिया तथा सरायकेला-खरसावां को 19 चार पहिया और 26 दो पहिया वाहन मिले हैं। वहीं सिमडेगा को 15 चार पहिया और 28 दो पहिया वाहन दिए गए हैं, जबकि पुलिस मुख्यालय रांची को 14 चार पहिया और 42 दो पहिया वाहन आवंटित किए गए हैं।
पेट्रोलिंग और कानून-व्यवस्था में मिलेगा फायदा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नए वाहनों के शामिल होने से राज्यभर में पुलिस की पेट्रोलिंग व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी। इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में भी सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।