Samachar Post रिपोर्टर,पश्चिमी सिंहभूम :पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना परिसर में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम जनता और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना था। जनसुनवाई कार्यक्रम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) डॉ. सैयद मुश्ताक हाशमी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की टीम, थाना प्रभारी अवधेश कुमार सहित टोकलो, कराईकेला और बंदगांव थाना के प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल कार्यालय, नगर परिषद, विद्युत विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
यह भी पढ़ें :पलामू DC ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, कहा- गुणवत्ता और समयसीमा से नहीं होगा समझौता
ग्रामीणों ने रखीं अपनी समस्याएं
जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। लोगों ने भूमि विवाद, बिजली आपूर्ति, पेयजल संकट, सड़क निर्माण, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने समेत विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के सामने रखा। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का समाधान नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे ग्रामीण
जनसुनवाई में चक्रधरपुर, बंदगांव, टोकलो, सोनुवा समेत अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों से ग्रामीण पहुंचे थे। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को सीधे प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिला।

Reporter | Samachar Post

