Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : जिले में चल रही विकास योजनाओं को गति देने और उनकी प्रगति का आकलन करने के लिए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सोमवार को तकनीकी विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, भवन निर्माण विभाग, जल पथ प्रमंडल तथा बिजली विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और लंबित कार्यों की जानकारी ली गई।
पाइपलाइन योजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त ने जल पथ प्रमंडल की दो प्रमुख पाइपलाइन परियोजनाओं की विशेष रूप से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तय समय के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से लोगों को शुद्ध पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के भवनों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने जिला अभियंता को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान यह भी सामने आया कि कई आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए हैं। इस पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को ठेकेदारों से समन्वय स्थापित कर जल्द काम शुरू कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें। यदि किसी परियोजना में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि योजनाएं अनावश्यक रूप से लंबित न रहें।

यह भी पढ़ें: आजसू के 41वें स्थापना दिवस पर सुदेश महतो से मिले वरिष्ठ आंदोलनकारी नेता
गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उपायुक्त ने अभियंताओं को विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। सीमेंट, बालू और अन्य सामग्री के अनुपात पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि सरकारी परिसंपत्तियां टिकाऊ और मजबूत बन सकें। बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित विभिन्न तकनीकी विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

