Samachar Post रिपोर्टर, पलामू : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में शनिवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। शहर थाना क्षेत्र के जीएलए कॉलेज के समीप स्थित मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के बाहर एक ठेकेदार को गोली मार दी गई। घटना में गंभीर रूप से घायल ठेकेदार का अस्पताल में इलाज चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान 50 वर्षीय संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी के रूप में हुई है। उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
पूजा कर लौट रहे थे ठेकेदार
बताया जा रहा है कि संजय तिवारी हर शनिवार की तरह मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। पूजा समाप्त कर जैसे ही वे मंदिर परिसर से बाहर निकले, उन पर गोली चला दी गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमला उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने किया। गोली लगने के बाद संजय तिवारी मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े, जबकि आरोपी वहां से फरार हो गया।
गोली चलने से मचा हड़कंप
घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की छानबीन की जा रही है।

जमीन विवाद को लेकर हमला करने का आरोप
घायल के पिता लव तिवारी ने बताया कि परिवार का जनार्दन तिवारी के परिवार के साथ लंबे समय से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के कारण प्रीतम तिवारी ने उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया। परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन भी संबंधित मामले की अदालत में सुनवाई निर्धारित थी।
यह भी पढ़ें: टेंडर हार्ट स्कूल में योग दिवस और फादर्स डे का अनोखा संगम, स्वास्थ्य और संस्कार का दिया संदेश
सुबह से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था आरोपी
परिवार के लोगों का कहना है कि आरोपी शनिवार सुबह से ही संजय तिवारी से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। कई बार फोन कर मुलाकात की कोशिश की गई थी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हमला पूर्व नियोजित हो सकता है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, जबकि घायल ठेकेदार की स्थिति पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

