जामताड़ा में मतगणना से पहले सियासत गरम, BJP ने DC को सौंपा ज्ञापन

Rupa Kumari | February 25, 2026 | 02:27 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : नगर निकाय चुनाव की मतगणना से पहले जामताड़ा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। 27 फरवरी को होने वाली काउंटिंग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला प्रशासन से मुलाकात कर निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना की मांग की।

DC को सौंपा आवेदन

भाजपा नेताओं ने जामताड़ा के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मतगणना केंद्र पर कड़े सुरक्षा इंतजाम और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने किया। उन्होंने कहा कि जामताड़ा नगर पंचायत से भाजपा समर्थित प्रत्याशी रीना कुमारी मैदान में हैं और उन्हें पार्टी का पूरा समर्थन प्राप्त है।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा, पैदल युवक और बाइक सवार गंभीर

गड़बड़ी की आशंका जताई

सुमित शरण ने आशंका जताई कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या गड़बड़ी न हो, इसके लिए प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि काउंटिंग सेंटर पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएं और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में कराई जाए।

प्रशासन पर भेदभाव का आरोप

पूर्व नगर अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र मंडल ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा प्रत्याशी के बैनर और झंडे हटवाए गए तथा कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आईं। मंडल ने आशंका जताई कि मतगणना केंद्र पर भी इसी तरह का रवैया अपनाया जा सकता है।

काउंटिंग एजेंट्स की सुरक्षा की मांग

भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि मतगणना के लिए नियुक्त प्रत्याशी के प्रतिनिधियों (काउंटिंग एजेंट्स) के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो। इस संबंध में पार्टी ने जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य निर्वाचन आयोग को भी लिखित शिकायत भेजी है। प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि वे पूरी मतगणना प्रक्रिया पर नजर रखेंगे और किसी भी तरह की धांधली बर्दाश्त नहीं करेंगे। अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

Share this news

संबंधित खबरें