Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : जामताड़ा (राजीव झा) शहर की सरकार चुनने के लिए सोमवार सुबह 7 बजे से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर जुटने लगे। जामताड़ा नगर पंचायत और मिहिजाम नगर परिषद के सभी बूथों पर मॉक पोलिंग के बाद शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल रहा।
जामताड़ा 28 बूथ, 26,467 मतदाता
जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 28 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 26,467 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुबह से ही बूथों पर लंबी कतारें देखी गईं। महिला, पुरुष और युवा मतदाता अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव 2026 : गढ़वा में सुबह से मतदान केंद्रों पर उमड़ा जनसैलाब
मिहिजाम 39 बूथों पर 37,056 मतदाता
मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में 39 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां 37,056 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। मतदान केंद्रों पर अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित और शांतिपूर्ण रही।
बैलेट पेपर से मतदान, दिखा उत्साह
काफी समय बाद बैलेट पेपर से चुनाव कराए जा रहे हैं। शुरुआत में कुछ मतदाताओं के चेहरे पर हल्की उलझन दिखी, लेकिन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके चेहरों पर संतोष और उत्साह साफ झलक रहा था। वार्ड 14 के मुकेश कुमार, वार्ड 16 के कमल किशोर और वार्ड 15 की संतोषी सेन समेत कई मतदाताओं ने कहा कि हर नागरिक को ईमानदार और स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशी के पक्ष में मतदान जरूर करना चाहिए। सुबह के रुझानों से साफ है कि दोनों निकायों में मतदाताओं में उत्साह चरम पर है। अब नजर दोपहर के मतदान प्रतिशत पर टिकी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।