निकाय चुनाव 2026 : गढ़वा में सुबह से मतदान केंद्रों पर उमड़ा जनसैलाब

Rupa Kumari | February 23, 2026 | 01:05 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : नगर निकाय चुनाव को लेकर गढ़वा में सुबह से ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मतदान शुरू होते ही मतदाता अपने-अपने बूथों पर पहुंचने लगे। चुनाव आयोग के स्लोगन “पहले मतदान, फिर जलपान” को चरितार्थ करते हुए लोग शांतिपूर्वक कतार में खड़े होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

लंबी कतारें, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 10 स्थित गोविंद स्कूल और वार्ड नंबर 15 के सहिजना समुदाय भवन में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी वर्गों के मतदाताओं में खासा उत्साह देखा गया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है, वहीं मतदाताओं की सुविधा के लिए पानी और अन्य बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव 2026 : सुबह 9 बजे तक रांची में 7.28% और बुंडू में 11.74% मतदान

बैलेट पेपर से मतदान का अलग उत्साह

इस बार कई मतदाताओं ने पहली बार बैलेट पेपर से वोट डाला। इसे लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कुछ मतदाताओं ने उम्मीद जताई कि उनका वोट क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगा, तो कई ने स्थानीय विकास और बुनियादी मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए मतदान करने की बात कही।

जिले में इन निकायों के लिए मतदान

गढ़वा जिले में एक नगर परिषद और दो नगर पंचायतों के लिए मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन ने दावा किया है कि मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। सुबह के रुझान को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत में और तेजी आएगी।

Share this news

संबंधित खबरें