Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के शिमराटांड़ में शुक्रवार को एक रुई फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से भर गया और अफरा-तफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। फैक्ट्री में कपड़ों से रुई बनाने का काम होता था और अंदर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी थी। चिंगारी भड़कते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों में भगदड़ मच गई। इस दौरान एक मजदूर झुलस गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: पलामू रेंज में निकाय चुनाव को लेकर सुरक्षा कड़ी, डीआईजी किशोर कौशल कर रहे मॉनिटरिंग
दमकल पहुंचने में देरी
घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। हालांकि दमकल की गाड़ी को घटनास्थल तक पहुंचने में करीब एक घंटे से अधिक समय लग गया। तब तक आग फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी थी। आग की लपटें फैक्ट्री से निकलकर आसपास की झाड़ियों तक फैल गईं, जिससे हालात और बिगड़ गए।
पानी की कमी से बढ़ी मुश्किल
स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के आसपास आग बुझाने के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था नहीं थी। लोग बाल्टी और पाइप के सहारे आग पर काबू पाने की कोशिश करते रहे, लेकिन लपटों की तीव्रता के सामने प्रयास नाकाफी साबित हुए।
4-5 लाख रुपये का नुकसान
फैक्ट्री संचालक तारिक अनवर के अनुसार, इस हादसे में रुई बनाने वाली मशीन और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। एक मोबाइल फोन भी आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने करीब 4 से 5 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।