Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :पश्चिमी सिंहभूम जिले में जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना गुड़ाबांदा प्रखंड के बेनागाड़िया गांव की है, जहां गुरुवार सुबह हाथी के हमले से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
शौच के लिए निकली थीं, हाथी से हुआ सामना
मिली जानकारी के अनुसार 68 वर्षीय चंपा हेंब्रम सुबह करीब साढ़े छह बजे घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान उनका सामना अचानक जंगली हाथी से हो गया। घबराकर भागने की कोशिश में हाथी ने उन्हें पकड़कर पटक दिया, जिससे उनका एक पैर बुरी तरह जख्मी हो गया और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें :जमीन विवाद में पूर्व सैनिक की गोली मारकर हत्या, नाती के दावे पर भड़का विवाद
अस्पताल ले जाने के बाद मौत
परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहरागोड़ा ले गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत स्वरूप 20 हजार रुपये की सहायता दी। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ओडिशा के बारीपादा रेफर किया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
गांव में दहशत, सुरक्षा की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से इलाके में हाथी घूम रहा है, जिससे भय का माहौल है। सुबह-शाम घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post