अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर झारखंड की बेटियों ने जीता गोल्ड

  • जूनियर नेशनल महिला हॉकी चैंपियनशिप में लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी झारखंड टीम, हरियाणा को 2-1 से हराया

Samachar Post डेस्क, रांची : अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के मौके पर झारखंड की जूनियर महिला हॉकी टीम ने पूरे प्रदेश को स्वर्ण पदक का तोहफा दिया। 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में झारखंड ने अपने चिर प्रतिद्वंद्वी हरियाणा को 2-1 से मात देकर लगातार दूसरे वर्ष खिताब अपने नाम किया। यह मुकाबला 1 से 12 अगस्त तक काकीनाडा में आयोजित हुआ। फाइनल में झारखंड की शुरुआत दमदार रही। 10वें मिनट में टीम की स्टार स्ट्राइकर स्वीटी डुंगडुंग ने पहला गोल दागा, जो इस टूर्नामेंट में उनका पांचवां गोल रहा।

स्वीटी एक बार फिर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनीं। इसके दो मिनट बाद 12वें मिनट में शांति कुमारी ने शानदार फील्ड गोल कर झारखंड को 2-0 की मजबूत बढ़त दिलाई। वहीं, दूसरे हाफ में हरियाणा ने वापसी की कोशिश की और 52वें मिनट में कीर्ति ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-1 किया। हालांकि, खिताब की रक्षा कर रही झारखंड की बेटियों ने आखिरी समय तक मजबूत डिफेंस किया और जीत सुनिश्चित की।

यह भी पढ़ें :JSSC सहायक आचार्य परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी: एक ही अभ्यर्थी का दो आरक्षित श्रेणियों में चयन

चार बार विजेता बनी झारखंड

जूनियर नेशनल महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड अब तक चार बार विजेता बन चुकी है। साल 2018, 2019, 2024 और 2025 में फाइनल मुकाबला जीतकर खिताब व स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। खास बात यह है कि 2024 और 2025 में टीम ने लगातार दो बार खिताब जीता है, जिससे राज्य का दबदबा जूनियर महिला हॉकी में और मजबूत हुआ है। इस जीत के साथ ही झारखंड महिला हॉकी टीम ने 2025 में सीनियर, सब-जूनियर और जूनियर तीनों वर्गों में चैंपियन बनकर इतिहास रच दिया है। टीम की इस उपलब्धि पर हॉकी झारखंड और राज्य खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी है।

Share this news

संबंधित खबरें