Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :शहर के व्यस्ततम चौराहों में शामिल टीएमएच गोलचक्कर पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब एक दमकल वाहन और बाइक की टक्कर के बाद युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बिष्टुपुर की दिशा से आ रहे एक दमकल वाहन से टीएमएच गोलचक्कर के पास उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर दमकल वाहन के नीचे चली गई और युवक वाहन के पहिए की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें :रोहिणी आचार्य ने पिता लालू यादव के साथ मनाया जन्मदिन, सोशल मीडिया पर शेयर किया भावुक VIDEO
स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को ऑटो के जरिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे की खबर सुनकर परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद इलाके में भी शोक का माहौल देखा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
बिष्टुपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और दमकल वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे के अनुसार, सड़क दुर्घटना में घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
यातायात सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद शहर के सबसे व्यस्त यातायात केंद्रों में से एक टीएमएच गोलचक्कर पर सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की आवश्यकता है। प्रशासन द्वारा जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Reporter | Samachar Post