मां की डांट से नाराज होकर घर से भागी किशोरी, रांची पुलिस ने कानपुर से किया सकुशल बरामद

Rupa Kumari | June 16, 2026 | 05:01 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के हटिया थाना क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के कानपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद भी ली गई, जिसके बाद किशोरी को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

डांट के बाद घर छोड़कर चली गई थी किशोरी

जानकारी के अनुसार, हटिया क्षेत्र के पटेल नगर की रहने वाली 16 वर्षीय श्रुति कुमारी अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से निकल गई थी। वह 15 जून की शाम लगभग 4:40 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

रेलवे टिकट से मिला सुराग

जांच के दौरान परिजनों के पास एक रेलवे टिकट मिला, जिससे संकेत मिला कि किशोरी ट्रेन से कहीं गई हो सकती है। इसी आधार पर पुलिस ने (आरपीएफ) को सूचना दी। इसके बाद RPF और पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे नेटवर्क के माध्यम से जांच शुरू की, जिसमें पता चला कि किशोरी उत्तर प्रदेश के कानपुर पहुंच गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कानपुर में कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया। इसके बाद उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें: गाय को बचाने के चक्कर में पलटी यात्रियों से भरी ऑटो, चालक समेत 4 महिलाएं घायल

परिजनों ने ली राहत की सांस

किशोरी के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में किसी तरह की आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं और किशोरी को सुरक्षित घर वापस लाना प्राथमिकता थी। पुलिस ने परिजनों को सलाह दी है कि बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share this news

संबंधित खबरें