Samachar Post रिपोर्टर, रांची : सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा (AFMS) की महानिदेशक सर्जन वाइस एडमिरल आरती सारिन मंगलवार को झारखंड पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने राजभवन में राज्यपाल संतोस कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान वाइस एडमिरल आरती सारिन ने राज्यपाल को रांची में आयोजित विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत पूर्व सैनिकों, जनजातीय समुदाय और आम नागरिकों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा का उद्देश्य केवल सैन्य कर्मियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।
नामकुम में 5 दिवसीय शिविर का आयोजन
आरती सारिन ने बताया कि मुख्यालय पूर्वी कमान और 111 एरिया के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 19 जून तक नामकुम स्थित सैन्य चिकित्सालय में विशेष नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में नई दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल (R&R) के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की जांच और उपचार कर रहे हैं। पूर्व सैनिकों के साथ-साथ ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के लोग भी इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के चिकित्सा शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इसे सेवा और संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
यह भी पढ़ें: मां की डांट से नाराज होकर घर से भागी किशोरी, रांची पुलिस ने कानपुर से किया सकुशल बरामद

बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे शिविर में
नामकुम स्थित सैन्य चिकित्सालय में चल रहे इस शिविर में बड़ी संख्या में लोग आंखों की जांच और इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों को परामर्श के साथ-साथ आवश्यक उपचार भी प्रदान कर रही है। अधिकारियों के अनुसार यह शिविर सैकड़ों मरीजों के लिए लाभकारी साबित हो रहा है और आने वाले दिनों में इसकी उपयोगिता और बढ़ने की उम्मीद है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

