गोल्ड जीतकर चमकी शिक्षा कुमारी, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया सम्मानित

Rupa Kumari | June 16, 2026 | 03:26 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, रांची : 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर गोड्डा की शिक्षा कुमारी ने राज्य का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान मंत्री ने शिक्षा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि शिक्षा कुमारी ने कड़ी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ शिक्षा की व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे गोड्डा और झारखंड के लिए गर्व का विषय है। मंत्री ने कहा कि शिक्षा की सफलता राज्य की उन बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है, जो खेल, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रही हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

दीपिका पांडेय सिंह ने विश्वास जताया कि शिक्षा आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन करेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सम्मान समारोह के दौरान शिक्षा कुमारी ने चैंपियनशिप की तैयारियों, मुकाबलों और अपने भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित अभ्यास और कोचों के मार्गदर्शन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें:फोरलेन किनारे खेत में मिले दो युवकों के शव, हादसा या हत्या? पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

40-43 किलोग्राम वर्ग में जीता स्वर्ण पदक

झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन और सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शिक्षा कुमारी ने 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। मंत्री ने कहा कि झारखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और अवसर देने की है। सरकार खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है, ताकि राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी मजबूत पहचान बना सकें।

Share this news

संबंधित खबरें