Samachar Post रिपोर्टर, गुमला : जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के चट्टी गांव में मंगलवार तड़के उस समय सनसनी फैल गई जब एक बुजुर्ग व्यक्ति की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक की पहचान धना उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, धना उरांव रोज की तरह तड़के शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान गांव के ही छोटू उरांव ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने मोटे डंडे से उनके सिर पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
वारदात के बाद भी गांव में घूमता रहा आरोपी
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल के आसपास ही घूमता रहा। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घाघरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटू उरांव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मानसिक स्थिति और विवाद के एंगल पर जांच
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे डर था कि बुजुर्ग उसे मार सकते हैं, इसलिए उसने हमला किया। हालांकि पुलिस इस बयान की सत्यता की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ ग्रामीणों के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जबकि आपसी रंजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोर लापता, तेज धारा में बहने की आशंका

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर और स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए मामले की गहन छानबीन में जुटी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

