Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : थाना क्षेत्र के सर्किट हाउस के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में यात्रियों से भरी तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक समेत चार महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत व बचाव कार्य में जुट गए।
गाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक दुर्योधन महतो सदर अस्पताल रोड से जामताड़ा शहर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन सर्किट हाउस के पास पहुंचा, अचानक सड़क के बीचों-बीच एक गाय आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक ने ब्रेक लगाने और वाहन नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई और पलट गई।
कर्माटांड़ से जामताड़ा आ रहे थे यात्री
हादसे में घायल सभी महिलाएं कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के नवाए कोल गांव की रहने वाली हैं। घायलों की पहचान रास मुनि टुडू, पूनम मुर्मू, बालिका मनी और चांद मुनि टुडू के रूप में हुई है। वहीं चालक दुर्योधन महतो को भी चोटें आई हैं। ये सभी लोग बैंक के काम और जरूरी खरीदारी के लिए जामताड़ा जा रहे थे। हादसे के दौरान ऑटो में एक छोटी बच्ची भी सवार थी, जो पूरी तरह सुरक्षित बच गई और उसे कोई चोट नहीं आई।

यह भी पढ़ें: गुमला में 9 महीने पुराने लापता युवक का कंकाल बरामद, हत्या के आरोप में तीन दोस्त गिरफ्तार
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

