रामगढ़ सड़क हादसा: बैंड पार्टी के 7 सदस्यों की दर्दनाक मौत, बिहार कार्यक्रम में जा रहे थे सभी

Meenu | June 26, 2026 | 10:13 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :झारखंड के रामगढ़ जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बैंड-ताशा पार्टी के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के पास रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) पर हुआ, जहां कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बैंड पार्टी के सदस्यों से भरी पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि पिकअप वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में सवार आठ लोगों में से सात की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बिहार में कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी बैंड पार्टी

जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक बैंड-ताशा पार्टी से जुड़े थे। वे रामगढ़ से मारंगमर्चा पहुंचे थे और वहां से बलसगरा जाकर अपने अन्य साथियों को साथ लेकर बिहार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होने वाले थे। इसी दौरान सामने से आ रहे कोयला लदे ट्रक ने ओवरटेक करने की कोशिश में पिकअप को टक्कर मार दी। हादसे के बाद सड़क पर बैंड के ड्रम, बाजे और अन्य सामान दूर-दूर तक बिखर गए।

चश्मदीद ने बताया हादसे का मंजर

स्थानीय निवासी तबरेज आलम ने बताया कि वह मुहर्रम का जुलूस देखकर घर लौट रहे थे, तभी जोरदार टक्कर की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पिकअप में सवार लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। कई घायल पानी मांग रहे थे और वाहन के अंदर एक-दूसरे के ऊपर दबे पड़े थे। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों व शवों को वाहन से बाहर निकाला गया। रामगढ़ सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने सात लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है अनोद कुमार (31), हेमंत कुमार महतो (25), पप्पू करमाली (18), पवन करमाली (23), अशोकु (45), शक्ति (34), डेविड करमाली (34) इनमें अधिकांश मृतक मारंगमर्चा और रजरप्पा क्षेत्र के निवासी थे, जबकि हेमंत कुमार महतो हजारीबाग जिले के बलसगरा के रहने वाले थे। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति की प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की कामना की।

हादसे के बाद सड़क जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि कुल आठ लोगों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें से सात की मौत हो चुकी थी। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और प्रशासन ने लोगों से बातचीत कर यातायात बहाल कराया।

Share this news

संबंधित खबरें