जामताड़ा में शुरू हुई मुफ्त एम्बुलेंस सेवा, अब एक कॉल पर मरीजों को मिलेगी तत्काल मदद

Rupa Kumari | June 25, 2026 | 12:30 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, जामताड़ा : स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जामताड़ा नगर पंचायत ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब क्षेत्र के लोगों को मरीजों को खटिया, डोली या ट्रैक्टर के सहारे अस्पताल पहुंचाने की मजबूरी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नगर पंचायत की ओर से दो नई निशुल्क एम्बुलेंस सेवाओं की शुरुआत की गई है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकेगी। इस सेवा का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता और सभी वार्ड पार्षदों ने दुमका रोड स्थित शिव मंदिर के समीप हरी झंडी दिखाकर किया।

30 किलोमीटर के दायरे में मिलेगी निशुल्क सुविधा

नगर पंचायत की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दोनों एम्बुलेंस जामताड़ा शहर और उसके आसपास 30 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को पूरी तरह मुफ्त सेवा प्रदान करेंगी। उद्घाटन समारोह में अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में यह पहला कदम है। उन्होंने बताया कि फिलहाल दो एम्बुलेंस शुरू की गई हैं और भविष्य में जरूरत के अनुसार इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार की भी योजना है।

एम्बुलेंस के अभाव में नहीं जाएगी किसी की जान

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष के पति एवं भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने कहा कि अक्सर ऐसी खबरें सामने आती थीं, जिनमें मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए खटिया, ट्रैक्टर या डोली का सहारा लेना पड़ता था। उन्होंने कहा कि कई बार समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से मरीजों की जान तक चली जाती थी। तरुण गुप्ता ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की मौत केवल एम्बुलेंस की अनुपलब्धता के कारण न हो, इसी सोच के साथ इस सेवा की शुरुआत की गई है। उनका दावा है कि अब जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नगर पंचायत ने इस सेवा के लिए हेल्पलाइन नंबर 7765950812 जारी किया है। आपातकालीन स्थिति में इस नंबर पर कॉल करते ही एम्बुलेंस संबंधित स्थान पर भेजी जाएगी।

यह भी पढ़ें: प्रशिक्षण पूरा कर घर लौटे सेना के जवान जितेंद्र सिंह का भव्य स्वागत, क्षेत्र में खुशी की लहर

उद्घाटन समारोह में कई लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन बर्मन, वार्ड पार्षद मधुसूदन चंद्र, दीनबंधु सिंह, विजय रावत, उत्तम रवानी, राकेश गुप्ता समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। नगर पंचायत की इस पहल का लोगों ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

Share this news

संबंधित खबरें