गिरिडीह में शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा: समधी मिलन से पहले छज्जा गिरा, 40 घायल; 6 की हालत गंभीर

Rupa Kumari | June 10, 2026 | 05:16 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र स्थित महारायडीह गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। समधी मिलन की रस्म शुरू होने से ठीक पहले घर का छज्जा अचानक गिर जाने से बराती और लड़की पक्ष के करीब 40 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। घायलों में छह लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

समधी मिलन से पहले हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार महारायडीह गांव निवासी शमशेर आलम की बेटी की शादी थी। बारात पास के धोतो गांव से आई थी। समधी मिलन की रस्म के लिए बड़ी संख्या में लोग घर के पास एकत्रित थे। इसी दौरान घर का छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

यह भी पढ़ें: देवघर में ACB का बड़ा एक्शन: 5000 रुपये घूस लेते मनरेगा के जूनियर इंजीनियर संतोष प्रसाद गिरफ्तार

स्थानीय लोगों ने चलाया राहत अभियान

हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों और परिजनों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर विभिन्न अस्पतालों में पहुंचाया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हादसे में घायल छह लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज गिरिडीह, धनबाद और आसपास के निजी अस्पतालों में जारी है। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों की निगरानी कर रही है।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन

घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस और देवरी अंचल प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि छज्जा किस वजह से गिरा और क्या निर्माण संबंधी किसी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जिस घर में शादी की तैयारियां और जश्न का माहौल था, वहां अचानक हुए हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। परिजन और ग्रामीण घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें