गिरिडीह में व्यक्ति पर जानलेवा हमला, गला रेतकर फरार हुए बदमाश; गंभीर हालत में धनबाद रेफर

Rupa Kumari | June 29, 2026 | 10:28 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरियाधौरा गांव में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल की पहचान सिमरियाधौरा निवासी मो. मकसूद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह रोज की तरह मजदूरी करने गया था और शाम को घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।

धारदार हथियार से किया हमला

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पीछे से हमला करते हुए धारदार हथियार से उसका गला काटने का प्रयास किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मकसूद सड़क किनारे गिर पड़ा। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

यह भी पढ़ें: भगवान जगन्नाथ आज जाएंगे एकांतवास में, 15 दिनों तक बंद रहेंगे दर्शन; 16 जुलाई को निकलेगी रथयात्रा

पुलिस जांच में जुटी

मामले को लेकर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है और आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की तलाश और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

Share this news

संबंधित खबरें