धनबाद में केबल चोरी का विरोध करना पड़ा भारी, BCCL कर्मी को अपराधियों ने मारी गोली

Rupa Kumari | June 27, 2026 | 04:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : कोयलांचल क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है। सोनारडीह ओपी क्षेत्र में केबल चोरी का विरोध करने पर हथियारबंद बदमाशों ने एक बीसीसीएल कर्मी को गोली मार दी। घायल कर्मी का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार, बीसीसीएल के समरसेबल पंप पर तैनात पंप ऑपरेटर उमेश रविदास शुक्रवार देर रात अपनी ड्यूटी पर थे। इसी दौरान कुछ अपराधी वहां पहुंचे और कथित तौर पर पंप परिसर से केबल काटकर चोरी करने लगे। जब उमेश रविदास ने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन्हें धमकाया। विरोध जारी रखने पर बदमाशों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके पैर में लगी और आर-पार निकल गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके से फरार हुए अपराधी

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद घायल कर्मी को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें: REO में ठेकेदारों द्वारा शर्तों के उल्लंघन पर AG की आपत्ति, समीक्षा के लिए समिति गठित

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात पुलिस चौकी के नजदीक हुई है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें