REO में ठेकेदारों द्वारा शर्तों के उल्लंघन पर AG की आपत्ति, समीक्षा के लिए समिति गठित

Meenu | June 27, 2026 | 04:39 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :ग्रामीण कार्य विभाग (REO) में निर्माण कार्यों के दौरान स्टैंडर्ड बिड डॉक्यूमेंट (SBD) की शर्तों के कथित उल्लंघन पर महालेखाकार (AG) ने आपत्ति दर्ज की है। मामले की समीक्षा के लिए विभाग ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है, जो महालेखाकार की आपत्तियों और संबंधित नियमों की प्रासंगिकता की जांच करेगी। महालेखाकार की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कई निर्माण कार्यों में ठेकेदार SBD की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं कर रहे हैं। साथ ही संबंधित अभियंताओं द्वारा भी इन शर्तों का अनुपालन सुनिश्चित नहीं कराया जा रहा है। AG ने इस संबंध में विभाग से विस्तृत जवाब मांगा है।

यह भी पढ़ें :अनिल टाइगर हत्याकांड: आरोपी जिशान अख्तर को नहीं मिली जमानत

नियमों की समीक्षा करेगी समिति

ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा गठित समिति महालेखाकार की आपत्तियों की बिंदुवार समीक्षा करेगी। इसके साथ ही यह भी जांच करेगी कि SBD/F2 की कौन-कौन सी शर्तें वर्तमान परिस्थितियों में प्रासंगिक हैं और किन नियमों में संशोधन या बदलाव की आवश्यकता है। समिति में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के मुख्य अभियंता, राज्य गुणवत्ता संयोजक, कार्यपालक अभियंता (गुमला), कार्यपालक अभियंता (चक्रधरपुर) तथा बिल्डर्स एसोसिएशन के नामित प्रतिनिधि को सदस्य बनाया गया है।

अप्रासंगिक नियमों में बदलाव की होगी सिफारिश

विभागीय आदेश के अनुसार यदि समीक्षा के दौरान कोई शर्त वर्तमान समय में अप्रासंगिक पाई जाती है, तो समिति उसे समाप्त करने या उसमें आवश्यक संशोधन की अनुशंसा करेगी। साथ ही भविष्य में निर्माण कार्यों में नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर भी सुझाव देगी।

विभाग तैयार करेगा जवाब

महालेखाकार द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं पर समिति की रिपोर्ट के आधार पर विभाग अपना पक्ष तैयार करेगा। इसके बाद आवश्यक प्रशासनिक और नीतिगत निर्णय लिए जाएंगे।

Share this news

संबंधित खबरें