NEET-UG री-एग्जाम को लेकर बोकारो प्रशासन अलर्ट, 8 परीक्षा केंद्रों पर मजिस्ट्रेट तैनात

Rupa Kumari | June 16, 2026 | 12:46 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : नीट यूजी (NEET-UG) री-एग्जाम के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले के सभी आठ परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट), पुलिस पदाधिकारियों और वरीय अधिकारियों की तैनाती की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा सके।

सभी केंद्रों पर रहेगी कड़ी निगरानी

प्रशासन के अनुसार, परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के भीतर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। साथ ही बाहरी व्यक्तियों की अनावश्यक आवाजाही रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। प्रवेश के दौरान एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

यह भी पढ़ें: बिहार में शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी, 127 आरोपितों की संपत्ति जब्ती का प्रस्ताव

नकल और अनियमितता पर सख्ती

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान नकल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल और किसी भी प्रकार की अनियमितता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। सभी परीक्षा केंद्रों पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

निष्पक्ष परीक्षा कराने पर जोर

जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अभ्यर्थियों से भी परीक्षा नियमों का पालन करने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की गई है।

Share this news

संबंधित खबरें