Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। खासकर चांडिल अनुमंडल के ग्रामीण इलाकों में लोग दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं। ताजा मामला कुकड़ू प्रखंड के ईचाडीह पंचायत स्थित आदरडीह चौका गांव का है, जहां आधी रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे एक हाथी गांव में घुस आया और सीधे गुरुपद गोप के घर पर हमला कर दिया। हाथी ने देखते ही देखते घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में शिक्षा सुधार को लेकर प्रशासन सख्त, शिक्षक तैनाती में होगा बड़ा बदलाव
सूझबूझ से बची परिवार की जान
अचानक घर टूटने की आवाज सुनकर परिवार की नींद खुली। गुरुपद गोप ने स्थिति को समझते हुए तुरंत अपनी पत्नी, विवाहित बेटी और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। हाथी ने घर में रखा अनाज और अन्य घरेलू सामान भी नष्ट कर दिया। एक ही रात में परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। घटना में गुरुपद गोप की पत्नी घायल हो गईं, जिनके इलाज की मांग ग्रामीणों ने प्रशासन से की है।
ग्रामीणों में दहशत, मुआवजे की मांग
घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने और हाथियों के आतंक से सुरक्षा दिलाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों के गांवों में घुसने की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।