Samachar Post रिपोर्टर,कोडरमा :झारखंड के कोडरमा में रेलवे यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अमृत भारत योजना के तहत कोडरमा स्टेशन समेत लोकसभा क्षेत्र के कई स्टेशनों पर विकास कार्य तेज कर दिए गए हैं। इसी को लेकर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने धनबाद रेल मंडल के डीआरएम और रेलवे अधिकारियों के साथ अहम बैठक की।
यह भी पढ़ें :जामताड़ा में जर्जर स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर 118 बच्चे, खतरे में जिंदगी और भविष्य
नए गेस्ट हाउस में हुई समीक्षा बैठक
यह महत्वपूर्ण बैठक कोडरमा स्टेशन के नए गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। इसमें बरकट्ठा विधायक अमित यादव, डीआरएम और रेलवे निर्माण से जुड़े कई अधिकारी शामिल हुए। बैठक में स्टेशन के विकास और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अमृत भारत योजना के तहत कोडरमा रेलवे स्टेशन को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। यहां एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाला नया भवन तैयार किया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर इंतजाम और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
फ्रेट कॉरिडोर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर
बैठक में कोडरमा के रास्ते गुजरने वाली फ्रेट कॉरिडोर परियोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और क्षेत्रीय विकास को गति देने के उपायों पर विचार किया।
कई प्रस्तावों को मिली मंजूरी
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से जुड़े कई प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए थे, जिनमें से कई को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि कुछ पर प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि रेलवे का लक्ष्य केवल स्टेशन निर्माण नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना भी है।
यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
अन्नपूर्णा देवी ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में इन योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों को मिलेगा। बेहतर सुविधाएं और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।
Reporter | Samachar Post