Samachar Post रिपोर्टर,धनबाद :धनबाद के बाघमारा थाना क्षेत्र में एक बार फिर अवैध कोयला खनन का मामला सामने आया है। जमुनिया नदी और उसके आसपास कई जगहों पर लगातार अवैध खनन किए जाने की शिकायत मिल रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही खुदाई से नदी के अस्तित्व और पर्यावरण पर खतरा बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में 611 तकनीकी पदों पर भर्ती, JSSC ने जारी किया नोटिफिकेशन, 1 जून से आवेदन शुरू
धरना की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में
जमुनिया नदी और आसपास के जंगलों को बचाने की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जगत महतो ने आंदोलन और धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके बाद प्रशासन, BCCL, पुलिस और CISF की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। गुप्त सूचना के आधार पर माटीगढ़ा डैम कॉलोनी स्थित एलपीजी गैस गोदाम के पास सड़क मार्ग पर संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध कोयला लदा एक ट्रक और एक मिनी हाइवा जब्त किया गया।
टीम को देखकर भागने लगे चालक
छापेमारी टीम को देखते ही दोनों वाहनों के चालक मौके से भागने लगे। इस दौरान मिनी हाइवा चालक को CISF जवानों ने पकड़ लिया और उसे बाघमारा पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं ट्रक चालक फरार होने में सफल रहा। भागने के दौरान ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया, जिसे बाद में क्रेन की मदद से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
मामले में CISF और BCCL प्रबंधन की ओर से बाघमारा थाना में लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने की स्थायी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमुनिया नदी और आसपास के इलाकों में लंबे समय से अवैध खनन जारी है। इससे नदी की धारा, पर्यावरण और जंगलों पर बुरा असर पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर स्थायी रोक लगाने की मांग की है।
Reporter | Samachar Post