Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की दो बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरोह शहर के अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी कर उनके पार्ट्स खोलकर बेचने का काम करता था।
यह भी पढ़ें :कोर्ट से लौट रहे पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, चाकू-बोतल से वार, बोलेरो से कुचलने की कोशिश
संदिग्ध हालत में दिखे युवक, पीछा कर पकड़ा
सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेसवार्ता में बताया कि देर रात सिदगोड़ा थाना पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान एआईडब्ल्यूसी स्कूल के पास कुछ युवक संदिग्ध हालत में बाइक पर नजर आए। पुलिस टीम को देखते ही सभी भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान युवकों के पास मौजूद वाहनों के कागजात मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने वाहन चोरी में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत धीवर, शेखर प्रमाणिक, संतोष भुइयां उर्फ गोलू और राज खान उर्फ अयुब अंसारी उर्फ फिरोज खान के रूप में हुई है।
खंडहर मकान से बरामद हुए चोरी के वाहन
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के वाहन सुनसान जगहों पर छिपाकर रखे जाते थे। उनकी निशानदेही पर बारीडीह हाई स्कूल के पास स्थित एक खंडहर मकान में छापेमारी की गई। यहां से चोरी की एक बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह वाहनों को सीधे इस्तेमाल करने के बजाय उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में बेच देता था।
अन्य मामलों में भी खुल सकते हैं राज
पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपी शहर में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के पार्ट्स खरीदने वालों की जानकारी जुटा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Reporter | Samachar Post