Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को कथित चुनौती दिए जाने का मामला अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस तंत्र पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अपराधियों में पुलिस का डर कम हो रहा
अजय शाह ने कहा कि आमतौर पर बड़े अपराधी भी सीधे पुलिस तंत्र से टकराने से बचते हैं। उनके मुताबिक अपराध जगत में यह धारणा रही है कि गैंगस्टर पुलिस से सीधी दुश्मनी लेने के बजाय दूरी बनाए रखते हैं या सांठगांठ के जरिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी सामान्य पुलिसकर्मियों से भी सीधे टकराव से बचते हैं, ऐसे में किसी गैंगस्टर का वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी को खुलेआम चुनौती देना बेहद गंभीर मामला है।
यह भी पढ़ें: JTET नियमावली में बदलाव की तैयारी, भाषा प्रावधानों की समीक्षा के लिए बनी उच्च स्तरीय समिति
पुलिस की कार्यशैली पर लगाए आरोप
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राज्य में कुछ जगहों पर पुलिस व्यवस्था की प्राथमिकताएं बदलती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जब पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगते हैं और उसे अवैध गतिविधियों से जोड़कर देखा जाता है, तो अपराधियों के मन से भी वर्दी का भय खत्म होने लगता है। अजय शाह ने कहा कि यदि कोई अधिकारी कानून व्यवस्था संभालने के बजाय अवैध कारोबार में उलझा दिखाई देता है, तो अपराधी भी उसे अपने जैसा समझने लगते हैं।
पुलिस तंत्र की विश्वसनीयता बहाल करने की मांग
उन्होंने राज्य सरकार से मामले में सख्त कार्रवाई करने और पुलिस तंत्र की विश्वसनीयता बहाल करने की मांग की है। गौरतलब है कि हाल में सामने आए इस मामले के बाद धनबाद में कानून-व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। विपक्ष इसे प्रशासन की विफलता बता रहा है, जबकि आम लोगों के बीच भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती दिख रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।