Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :जामताड़ा उपायुक्त आलोक कुमार ने छात्राओं को बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से करमाटांड़ स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। डीसी ने साफ कहा कि विद्यालय संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को सप्ताह में कम से कम एक दिन विद्यालय का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
यह भी पढ़ें :सरायकेला के कपाली में गौ तस्करी का मामला, ग्रामीणों ने वाहन पकड़कर किया हंगामा
भोजन और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन को कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को तय मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। डीसी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर करने, खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने और विद्यालय की समग्र व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
क्लासरूम से लेकर मेस तक का लिया जायजा
डीसी ने विद्यालय के विभिन्न प्रभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्लास रूम, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, साइंस लैब, मेस, किचन, स्टोर रूम और शौचालयों की स्थिति की जांच की। साथ ही छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति पंजी भी देखी। हालांकि सामान्य व्यवस्थाओं पर उन्होंने संतोष जताया, लेकिन कुछ क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता भी बताई।
छात्राओं से सीधा संवाद, समस्याएं सुनीं
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। छात्राओं ने पानी की समस्या और खेल मैदान की कमी समेत कई मुद्दे उठाए। इस पर डीसी ने संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी, अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम, विद्यालय की वार्डन और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post