Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद : धनबाद के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। जल निकासी से जुड़े बोरिंग कार्य के दौरान करीब 30 फीट ऊंची पुरानी दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के जोबा गांव निवासी लक्ष्मण हांसदा के रूप में हुई है। वह बोरवेल गाड़ी में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
शौच के लिए गया था मजदूर, तभी हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ईस्ट बसुरिया इलाके में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बोरिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान लक्ष्मण हांसदा कुछ देर के लिए पास में शौच करने गया था। तभी वहां मौजूद एक पुरानी और जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार का भारी मलबा सीधे लक्ष्मण पर गिरा, जिससे वह नीचे दब गया। हादसे की तेज आवाज सुनते ही आसपास मौजूद मजदूर और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े।
यह भी पढ़ें: टेंडर कमीशन घोटाला : करीब 2 साल बाद जेल से बाहर आएंगे आलमगीर आलम, रिलीज ऑर्डर जारी
लोगों ने मलबा हटाकर निकाला बाहर
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और मजदूरों ने मिलकर मलबा हटाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद लक्ष्मण को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीवार का मलबा काफी भारी था, जिससे मजदूर को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेज दिया है। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि जिस स्थान पर काम चल रहा था, वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास मौजूद जर्जर दीवारों और पुराने ढांचों की पहले जांच की जाती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। लक्ष्मण हांसदा की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि वह परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।