Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा जिले में तेज रफ्तार भारी वाहन ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को एक बेकाबू हाइवा अचानक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बने मकान और दुकान में जा घुसा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार हाइवा काफी तेज रफ्तार में था। अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके बाद वाहन सीधे घर और दुकान की ओर बढ़ गया। हादसे में संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, हालांकि बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया।
यह भी पढ़ें :रांची में मनरेगा मजदूरों की अब ऑनलाइन हाजिरी, फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक
बाल-बाल बचा परिवार, टला बड़ा हादसा
घटना के समय परिवार के सदस्य घर और दुकान के आसपास मौजूद थे। जैसे ही लोगों ने हाइवा को अनियंत्रित होते देखा, सभी घबराकर बाहर की ओर भागे। समय रहते लोग सुरक्षित निकल गए, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कुछ सेकेंड की भी देरी होती तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
ग्रामीणों का विरोध, कोल वाहनों की आवाजाही रोकी
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया और कोयला ढोने वाले वाहनों की आवाजाही रोक दी। कई जगहों पर सड़क जाम जैसी स्थिति बन गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में भारी वाहनों का परिचालन बिना किसी नियंत्रण के हो रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और बड़े हादसे हो सकते हैं।
Reporter | Samachar Post