Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :झारखंड के जमशेदपुर जिले में जनगणना-2027 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। इस मौके पर जिले के उपायुक्त राजीव रंजन ने खुद आगे बढ़कर स्व-गणना पूरी की और एक उदाहरण पेश किया। उन्होंने अपने आवासीय कार्यालय से ऑनलाइन पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सभी जरूरी जानकारी दर्ज की। डीसी राजीव रंजन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि भविष्य की योजनाओं की मजबूत नींव है। प्रशासन की सक्रिय भागीदारी से ही आम लोगों का भरोसा और सहयोग बढ़ेगा।
यह भी पढ़ें :रांची में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, TPC के नाम पर रंगदारी वसूलने वाले दो उग्रवादी गिरफ्तार
दो चरणों में पूरा होगा अभियान
जनगणना अधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी मोजाहिद अंसारी के अनुसार, यह अभियान दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले चरण में 1 मई से 15 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी, जिसमें लोग खुद ऑनलाइन जानकारी भर सकते हैं। दूसरे चरण में 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे।
घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम
दूसरे चरण के दौरान जनगणना दल हर घर तक पहुंचेगा और लोगों की जानकारी एकत्र करेगा। इसके लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
विकास योजनाओं की नींव है जनगणना
डीसी राजीव रंजन ने बताया कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह सरकार की योजनाओं को सही लोगों तक पहुंचाने का आधार भी है। सही और सटीक डेटा के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य विकास योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
Reporter | Samachar Post