- ईरबा के पास दबिश देकर पकड़े गए आरोपी, कई जिलों में फैला था डर का नेटवर्क
Samachar Post रिपोर्टर, रांची: झारखंड की रांची ग्रामीण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन Tritiya Prastuti Committee (TPC) के नाम पर दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समरित गंझू उर्फ मलिंगा (हजारीबाग) और सोनू उरांव (रांची) के रूप में हुई है। दोनों पर 17 अप्रैल को ओरमांझी के एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
ईरबा के पास ऐसे दबोचे गए आरोपी
पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित की गई। सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के नेतृत्व में तकनीकी शाखा की मदद से ईरबा गोलचक्कर के पास शालीमार नर्सरी इलाके में छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने खदेड़कर उन्हें पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें: पलामू में तिलक समारोह के दौरान फायरिंग, रिश्तेदार और पंडित घायल, पूर्व मुखिया गिरफ्तार
तलाशी में मिले हथियार और उपकरण
गिरफ्तारी के बाद तलाशी में पुलिस ने आरोपियों के पास से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए, जिनमें एक देशी कट्टा
एक मैगजीन, दो मोबाइल फोन, एक राउटर, धमकी देने में इस्तेमाल किए गए दो सिम कार्ड, एक पावर बैंक इन बरामदगी से साफ है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम दे रहे थे।
चार जिलों में फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सिर्फ ओरमांझी ही नहीं, बल्कि हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा के व्यापारियों को भी धमकाकर रंगदारी वसूलते थे। मुख्य आरोपी समरित गंझू उर्फ मलिंगा के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें रंगदारी, आर्म्स एक्ट और उग्रवादी गतिविधियां शामिल हैं।
टीम ने मिलकर की कार्रवाई
इस ऑपरेशन में डीएसपी अनुज उरांव के साथ ओरमांझी थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी, सब-इंस्पेक्टर सतीश कुमार, नितीश कुमार और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।