रांची में पानी के गलत बिलों से मिलेगी राहत, वेवर कमेटी करेगी समाधान

Meenu | April 30, 2026 | 01:59 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची के लोगों के लिए राहत की खबर है। अब पानी के गलत बिल, बिना कनेक्शन के चार्ज या पुराने बकाया नोटिस जैसी समस्याओं के लिए निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इन शिकायतों के समाधान के लिए रांची नगर निगम ने एक विशेष वेवर कमेटी का गठन किया है।

यह भी पढ़ें :सिमडेगा में अंधविश्वास के खिलाफ जनक्रांति, सिविल कोर्ट से निकली जागरूकता रैली

नगर आयुक्त की अध्यक्षता में बनी कमेटी

इस कमेटी का गठन नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में किया गया है। कमेटी सीधे नागरिकों की शिकायतों की सुनवाई करेगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित निर्णय लेगी। निगम प्रशासन ने कहा है कि जल उपभोक्ता शुल्क से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए लोग आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं।

आवेदन के बाद होगी जांच और सुनवाई

कमेटी को प्राप्त हर आवेदन की तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर जांच की जाएगी। इसके बाद सुनवाई के आधार पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। इसी प्रक्रिया के तहत शहर के विभिन्न वार्डों से आई शिकायतों पर नियमित बैठक कर विचार किया जाएगा। नगर निगम ने बताया कि शहर के 53 वार्डों से दर्जनों शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इन सभी मामलों की समीक्षा कर समस्याओं का समाधान करने की दिशा में काम किया जाएगा, जिससे लोगों को जल्द राहत मिल सके।

डोरंडा क्षेत्र से सबसे ज्यादा शिकायतें

विशेष रूप से डोरंडा क्षेत्र से सबसे अधिक शिकायतें सामने आई हैं। कई निवासियों का कहना है कि उनके यहां वर्षों पहले पानी का कनेक्शन हटा दिया गया, इसके बावजूद उन्हें लगातार बिल और बकाया नोटिस मिल रहे हैं। वेवर कमेटी ऐसे मामलों की जांच कर विसंगतियों को दूर करेगी।

Share this news

संबंधित खबरें