Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :झारखंड के सिमडेगा में अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक बड़ी जनजागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली NALSA के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित हुई, जिसका नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने किया। रैली की शुरुआत सिमडेगा सिविल कोर्ट परिसर से हुई और यह शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने मिलकर समाज से कुरीतियों को खत्म करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें :बिहार में 18 लाख राशन कार्ड धारकों का नाम कटेगा, 12 लाख पहले ही हो चुके बाहर
डायन प्रथा और बाल विवाह के खिलाफ उठी आवाज
रैली का मुख्य उद्देश्य डायन प्रथा (डायन बिसाही) और बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के खिलाफ जागरूकता फैलाना था। प्रतिभागियों ने तख्तियां और नारों के जरिए लोगों को संदेश दिया कि अंधविश्वास के कारण निर्दोष महिलाओं और बच्चों को अक्सर उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है।
वैज्ञानिक सोच अपनाने पर दिया गया जोर
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि वे आधुनिक युग में वैज्ञानिक सोच अपनाएं और अंधविश्वास से दूर रहें। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा और जागरूकता की कमी के कारण ऐसी कुप्रथाएं अब भी समाज में मौजूद हैं, जिन्हें खत्म करना जरूरी है।
छात्रों से आगे आने की अपील
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि आज भी ऐसी कुरीतियों का बने रहना चिंता का विषय है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे अपने परिवार और समाज में जागरूकता फैलाएं। साथ ही बताया कि यह अभियान 90 दिनों तक चलाया जाएगा।
Reporter | Samachar Post