पलामू के लिए 5 नई ट्रेनों की मांग, रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने को सांसद बीडी राम की पहल

Rupa Kumari | April 30, 2026 | 03:07 PM IST
  • रेल मंत्री से मुलाकात में नई सेवाएं, वैगन फैक्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पर मिला सकारात्मक संकेत

Samachar Post रिपोर्टर, मेदिनीनगर: पलामू में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल करते हुए पलामू सांसद बिष्णुदयाल राम ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए 5 नई ट्रेन सेवाएं शुरू करने और रेलवे से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट्स की मांग रखी। सांसद ने कहा कि नई ट्रेनों के शुरू होने से पलामू का देश के विभिन्न हिस्सों से सीधा संपर्क बढ़ेगा, जिससे आवागमन आसान होगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

रेल मंत्री ने दिया भरोसा

रेल मंत्री ने सांसद की मांगों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख दिखाया और आवश्यक कार्रवाई व अध्ययन कराने का आश्वासन दिया। सांसद ने पलामू में “वैगन उत्पादन एवं रख-रखाव सुविधा” स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। इसके लिए गढ़वा रोड या जपला को उपयुक्त स्थान बताया गया, जहां रेलवे की पर्याप्त जमीन उपलब्ध है। इस परियोजना से स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलने की संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें: झारखंड PGT नियुक्ति विवाद: दोहरी डिग्री मामले में हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रखा

इन नई ट्रेनों की रखी गई मांग

  • चोपन–देवघर एक्सप्रेस (वाया डालटनगंज–धनबाद), बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सीधी सुविधा।
  • चोपन–एर्नाकुलम एक्सप्रेस दक्षिण भारत से कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रस्तावित रूट: चोपन – गढ़वा – डालटनगंज – बरकाकाना – मेसरा – रांची – राउरकेला – पेरंबुर (चेन्नई) – कोयंबटूर – एर्नाकुलम।
  • रांची–अहमदाबाद एक्सप्रेस (वाया लोहरदगा–डालटनगंज–जपला) पश्चिम भारत से सीधा संपर्क स्थापित करने की पहल।
  • नई दिल्ली–रांची राजधानी एक्सप्रेस की फ्रीक्वेंसी बढ़ाने की मांग सप्ताह में एक दिन चलने वाली इस ट्रेन को तीन दिन चलाने का अनुरोध।
  • नावाडीह रेलवे फाटक (हैदरनगर) पर अंडरपास निर्माण एलसी/आरयूबी (लेवल क्रॉसिंग/रोड अंडर ब्रिज) बनाने की मांग, जिसे निर्माण सूची में शामिल करने का आश्वासन मिला।

विकास को मिलेगी रफ्तार

सांसद ने कहा कि नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री के नेतृत्व में पलामू क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। नई ट्रेन सेवाएं जहां यात्रियों को राहत देंगी, वहीं प्रस्तावित वैगन फैक्ट्री से रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों में भी इजाफा होगा। अब नजर इस बात पर है कि इन प्रस्तावों पर जमीन पर काम कब तक शुरू होता है और पलामू को बेहतर रेल सुविधाएं कब मिलती हैं।

Share this news

संबंधित खबरें