Samachar Post रिपोर्टर, रांची :कांके रोड स्थित जतरा टांड़ में 1 मई (शुक्रवार) को ‘प्रथम स्वर्गीय विजय उराँव मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट’ का आयोजन किया जा रहा है। यह एक दिवसीय दिन-रात प्रतियोगिता जतरा टांड़ स्पोर्ट्स क्लब, मिसिर गोंदा के तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसमें रांची और आसपास के क्षेत्रों की महिला और पुरुष टीमें हिस्सा लेंगी।
यह भी पढ़ें :चाईबासा के जंगल में मुठभेड़, 45 मिनट फायरिंग के बाद 1 लाख का इनामी नक्सली ढेर
1990 से जारी परंपरा, इस बार विजय उराँव के नाम समर्पित
जतरा टांड़ स्पोर्ट्स क्लब पिछले कई वर्षों से वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता आ रहा है। क्लब की स्थापना 1990 में हुई थी और तभी से खेल को बढ़ावा देने का प्रयास जारी है। इस वर्ष यह टूर्नामेंट क्लब के ऊर्जावान युवा और पेशे से शिक्षक स्वर्गीय विजय उराँव की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है, जिससे आयोजन को खास पहचान मिली है। इस प्रतियोगिता को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों द्वारा दिग्गज खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। दिन और रात में होने वाले इस मुकाबले को लेकर दर्शकों में भी उत्सुकता बनी हुई है।
युवाओं को नशे से दूर कर खेल की ओर प्रेरित करने की पहल
आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को नशे और गलत आदतों से दूर कर खेल के प्रति जागरूक करना है। टूर्नामेंट के जरिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिश की जा रही है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। टूर्नामेंट में महिला टीमों की भागीदारी को लेकर भी युवाओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। दर्शकों को महिला खिलाड़ियों के मुकाबले देखने का बेसब्री से इंतजार है, जिससे खेल को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
आयोजन समिति का गठन
इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इसमें राम नारायण खलखो को संयोजक, देव नारायण उराँव को अध्यक्ष, राणा प्रताप मिश्र को सचिव, अशोक खलखो को उपाध्यक्ष और प्रदीप लकड़ा को सदस्य बनाया गया है।
Reporter | Samachar Post