चाईबासा के जंगल में मुठभेड़, 45 मिनट फायरिंग के बाद 1 लाख का इनामी नक्सली ढेर

Rupa Kumari | April 30, 2026 | 11:58 AM IST

Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र स्थित रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 लाख रुपये के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मुठभेड़ में मार गिराया। यह ऑपरेशन सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने चलाया। पुलिस के अनुसार 24 अप्रैल को गोइलकेरा थाना क्षेत्र में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या के बाद नक्सली दस्ता जंगलों में छिप गया था। इसके बाद खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने टोंटो और गोइलकेरा इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।

45 मिनट चली मुठभेड़

बुधवार तड़के रूटुगुटू जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया। दोनों ओर से करीब 45 मिनट तक फायरिंग हुई। इस दौरान इसराइल पूर्ति मारा गया, जबकि अन्य नक्सली घने जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च अभियान चलाकर नक्सलियों के एक सुरक्षित ठिकाने को ध्वस्त किया और भारी मात्रा में हथियार व नक्सली सामग्री बरामद की।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा के पेटारी गांव में खसरा का कहर, 2 मरीजों की पुष्टि से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

संगठन का सक्रिय सदस्य था इसराइल

इसराइल पूर्ति गोइलकेरा क्षेत्र का निवासी था और सागेन दस्ते का सक्रिय सदस्य माना जाता था। वह नक्सलियों को सुरक्षित रास्ते उपलब्ध कराने और सुरक्षाबलों की गतिविधियों पर नजर रखने में अहम भूमिका निभाता था। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण और आईईडी ब्लास्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज थे।

पुलिस का बयान

अमित रेणु ने बताया कि कोल्हान क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इलाके में 20–30 हथियारबंद नक्सलियों के सक्रिय होने की सूचना है, जिसके मद्देनजर सघन सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा। इस कार्रवाई को कोल्हान क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Share this news

संबंधित खबरें