Samachar Post रिपोर्टर,जामताड़ा :झारखंड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत पेटारी गांव में खसरा के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। गांव में दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों मरीजों के ब्लड और थ्रोट सैंपल 22 अप्रैल को जांच के लिए भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें :बोकारो में बड़ा सड़क हादसा: बारात से लौट रही कार ने पुलिस गश्ती वाहन को मारी टक्कर
मेडिकल टीम ने शुरू किया सर्वे अभियान
संक्रमण की सूचना मिलते ही जिला निगरानी पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार मेडिकल टीम के साथ गांव पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। टीम ने गांव में व्यापक सर्वे अभियान चलाया, जिसमें दो संक्रमित मरीजों के अलावा तीन और संभावित मरीजों की पहचान की गई है। एक संदिग्ध मरीज का सैंपल जांच के लिए रांची भेजा गया है।
संक्रमण रोकने के लिए विशेष अभियान
स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में लगातार निगरानी कर रही है और प्रभावित लोगों की सूची तैयार की जा रही है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जा रही है। साथ ही, टीकाकरण से वंचित बच्चों को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में बुखार, शरीर पर दाने या खांसी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। समय पर इलाज से इस बीमारी को फैलने से रोका जा सकता है।
स्वास्थ्य अधिकारियों की मौजूदगी में निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान आईडीएसपी अजीत दुबे, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर शशिभूषण, सीएचसी नारायणपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ए. के. सिंह सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौके पर मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post