Samachar Post रिपोर्टर,चाईबासा :झारखंड के चाईबासा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। टाटा–गुवा पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन से करीब 600 मीटर दूर गुलकाबासा गांव के पास, रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 320/1-2 के बीच हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रेन गुजरने के बाद ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ मिला। मौके की स्थिति देखकर शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें :गुमला में सीमांकन के दौरान बवाल, राजस्व कर्मचारी पर हमला; चप्पलों से पिटाई
स्कूटी से बढ़ी आत्महत्या की आशंका
घटनास्थल के पास एक स्कूटी (नंबर: JH 06T 9035) खड़ी मिली है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक खुद वहां पहुंचा और ट्रेन के सामने आ गया।
पुलिस जांच जारी
सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग जानना चाहते हैं कि मृतक कौन था और उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। रेलवे पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को स्कूटी या मृतक के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत सूचना दें, ताकि पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा सके।
Reporter | Samachar Post