हाता-चाईबासा मार्ग पर सड़क हादसा, स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत

Rupa Kumari | June 23, 2026 | 03:48 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला : जिले के हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। यह दुर्घटना राजनगर थाना क्षेत्र के तेलाई गांव के समीप हुई। मृतक की पहचान 63 वर्षीय लक्ष्मण चाम्पिया के रूप में हुई है, जो पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के पड़ासा गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण चाम्पिया स्कूटी से किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान तेलाई के पास सड़क किनारे खड़े एक 407 वाहन से उनकी स्कूटी पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। लक्ष्मण चाम्पिया अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री को छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें: जनगणना के बहाने घर में घुसे बदमाशों ने की मारपीट, एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

संबंधित खबरें