पाकुड़ में अवैध कोयला कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3 आरोपी गिरफ्तार

Rupa Kumari | April 2, 2026 | 01:13 PM IST
  • छापेमारी में 9 क्विंटल कोयला, 6 साइकिल और वजन मशीन बरामद; पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं आरोपी

Samachar Post रिपोर्टर, पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। नगर थाना क्षेत्र के मंगलापाड़ा और कालिदासपुर इलाके में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में कोयला और अन्य सामान भी बरामद किया गया।

गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी

पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि इन इलाकों में अवैध रूप से कोयले का भंडारण और परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित कर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई। मंगलापाड़ा में पुलिस पहुंची तो कुछ लोग साइकिल के जरिए कोयला उतारते मिले। पुलिस को देखते ही कई लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन तीन आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया गया।

यह भी पढ़ें: जामताड़ा में जूता व्यवसायी के घर-गोदाम पर फायरिंग, देर रात गोलियों की आवाज से दहशत

पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्योधन साहा (51), जोटा घोष (35), श्यामलाल साहा (42) के रूप में हुई है। तीनों मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के निवासी हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 9 क्विंटल अवैध कोयला, 6 साइकिल और एक वजन मशीन जब्त की है। पूछताछ में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस ने तीनों के खिलाफ कोयला चोरी और अवैध परिवहन का मामला दर्ज कर लिया है। 31 मार्च 2026 को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

पाकुड़ पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और इस धंधे में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

संबंधित खबरें