जीटी रोड पर दर्दनाक हादसा: दंपती की मौत, बच्चा गंभीर

Rupa Kumari | April 28, 2026 | 01:19 PM IST

Samachar Post रिपोर्टर, धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनका छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना काशीटांड़ के पास हुई, जहां एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। मिली जानकारी के अनुसार बगदाहा, राजगंज निवासी राजकुमार महतो अपनी पत्नी सरस्वती देवी और बच्चे के साथ बाइक (JH 10 CR 3134) से गोविंदपुर से बरवाअड्डा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें: झारखंड में राज्यसभा सीट को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस ने पेश की दावेदारी

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, अज्ञात वाहन की तलाश जारी

स्थानीय लोगों ने तुरंत बरवाअड्डा थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने राजकुमार महतो और सरस्वती देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि राजकुमार महतो पेशे से राजमिस्त्री थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Share this news

संबंधित खबरें