Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :झारखंड के चतरा जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार तीसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। लावालौंग थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में भारी मात्रा में अफीम, डोडा और पोस्ता दाना बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना थी कि रिमी पंचायत के खाखर गांव में अवैध नशीले पदार्थों का भंडारण किया गया है और उन्हें बाहर सप्लाई करने की तैयारी चल रही है।
यह भी पढ़ें :रांची में मॉर्निंग वॉक के दौरान चोरी: रांची के पंडरा इलाके में टहल रहे व्यक्ति का मोबाइल लेकर फरार हुआ युवक
घर-घर छापेमारी, भारी बरामदगी
एसडीपीओ सिमरिया शुभम कुमार खंडेलवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कई घरों में छापेमारी की। इस दौरान 8.700 किलो गीला अफीम, 3 क्विंटल डोडा और 1 क्विंटल 9 किलो पोस्ता दाना बरामद किया गया। जब्त अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
तस्कर फरार, केस दर्ज
छापेमारी की भनक लगते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अमारिक गंझू, मनोज गंझू, सरजू गंझू, मदन गंझू, विनोद गंझू और पिंटू गंझू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मौके से कुछ आरोपियों के आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं। NDPS Act के तहत लावालौंग थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस लगातार छापेमारी कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ, एनडीपीएस थाना प्रभारी शमी अंसारी, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार, एसआई विधायक प्रसाद यादव और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
Reporter | Samachar Post