Samachar Post रिपोर्टर, चतरा: रवि आनंद ने शनिवार को चतरा जिले के 40वें उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान उपायुक्त कीर्तिश्री से कार्यभार लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने जिले के विकास को लेकर प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दीं। नए उपायुक्त ने कहा कि सभी विभागों के साथ बेहतर समन्वय और टीमवर्क के जरिए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। महिला एवं बाल विकास, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की समस्या है, वहां समीक्षा कर त्वरित समाधान किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर 48 घंटे के भीतर चापानल की मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को परेशानी न हो।
जनता दरबार और गांवों का दौरा
उपायुक्त ने बताया कि वे नियमित रूप से गांवों का दौरा करेंगे और लोगों से सीधे संवाद करेंगे। हर सप्ताह जनता दरबार आयोजित कर शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी डॉक्टरों की कमी और अन्य समस्याओं का आकलन कर जरूरी कदम उठाने की बात कही।
यह भी पढ़ें: 24 अप्रैल को बिहार विधानसभा का विशेष सत्र, नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे बहुमत परीक्षण
समाहरणालय शाखाओं का किया निरीक्षण
पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व, आपूर्ति और सामान्य शाखा समेत कई विभागों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इस मौके पर उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, एसडीओ चतरा जहूर आलम, एसडीओ सिमरिया सह जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी प्रसाद, डीआरडीए निदेशक अलका कुमारी, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।