Samachar Post रिपोर्टर, रांची : रांची-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित ओरमांझी टोल प्लाजा के समीप बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। हजारीबाग से रांची आ रही एक चलती कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा वाहन आग की लपटों से घिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से अचानक धुआं निकलता देख चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। इससे पहले कि आग और फैलती, कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। कार में एक दंपति और उनके दो बच्चे सवार थे। आग लगने की घटना के बाद परिवार के सभी सदस्य तुरंत वाहन से बाहर निकल गए। समय रहते बाहर निकल जाने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
देखते ही देखते जलकर खाक हुई कार
स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। कार धू-धू कर जलने लगी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
यह भी पढ़ें: आयरन स्पंज फैक्ट्रियों के प्रदूषण से जूझ रहा मरहांद गांव, खेती और स्वास्थ्य पर गहराता संकट

आग लगने के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। गनीमत रही कि चालक की सतर्कता और परिवार की फुर्ती के कारण सभी लोग सुरक्षित बच गए और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।

